विश्वविद्यालय पृथ्वी और अंतरिक्ष विज्ञान केंद्र (UCESS), हैदराबाद विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रोफेसर पी.एस. रॉय हाल ही में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा परफॉरमेंस एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किए गए हैं. प्रोफेसर रॉय NASI के वरिष्ठ वैज्ञानिक हैं. UCESS के प्लेटिनम जुबली फैलो और यहीं डॉ. के.एल. राव जियोस्पेशियल चेयर प्रोफेसर (2012-2015) भी हैं.
डॉ. रॉय भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन / अंतरिक्ष विभाग के साथ 35 से अधिक वर्षों से जुडे हैं. आप 2012 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (आईआईआरएस) से निदेशक के रूप में सेवानिवृत्त हुए. आपको 2015 के इसरो परफॉरमेंस एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया है. यह पुरस्कार प्रतिवर्ष वैज्ञानिक उत्कृष्टता के साथ इसरो के विकास में योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है. इस पुरस्कार के तहत पुरस्कार विजेता को रुपये 5 लाख के नकद पुरस्कार सहित एक प्रमाणपत्र और पदक दिया जाता है.
प्रोफेसर पी.एस. रॉय ने सामाजिक अनुप्रयोगों के लिए सूचना सेवाओं के उत्पादन पर विशेष ध्यान देने के साथ पृथ्वी अवलोकन और भू-सूचना विज्ञान के क्षेत्र में अपार योगदान किया है. आप प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन; वानिकी और जैव विविधता; परिदृश्य पारिस्थितिकी; भूमि उपयोग और भूमि आवरण परिवर्तन तथा जलवायु परिवर्तन आदि क्षेत्रों के अग्रणी वैज्ञानिक के रूप में भी जाने जाते हैं.